दक्षिण कश्मीर तथा राजोरी-पुंछ के बीच संपर्क का एकमात्र साधन मुगल रोड है जो पिछले दिनों लगातार बारिश तथा बर्फबारी के कारण कई दिनों तक बंद रहा है। नामांकन के दौरान भी सड़क बंद रही। पहले यहां का चुनाव सात मई को होना था। ऐसे में मांग की गई थी कि चुनाव को टालकर प्रत्याशियों को प्रचार के लिए कुछ समय और दिया जाए।
चुनाव आयोग द्वारा अनंतनाग-राजौरी सीट पर मतदान की तारीख को संशोधित कर 25 मई की घोषणा करने के बाद प्रमुख राजनीतिक दल पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। पीडीपी के प्रवक्ता डॉ हरबक्श सिंह ने अमर उजाला के साथ विशेष बात करते हुए कहा, "बहुत ही बदकिस्मती वाली बात है। जो मुख्य दो राजनीतिक दल हैं पीडीपी और नेशनल कांफ्रेंस जिनका वहां आपस में मुकाबला है उनको कोई आपत्ति नहीं थी इसमें, लेकिन यह एक चाल के तौर पर लिया गया फैसला है। इनको (भाजपा) डर है, यह महबूबा मुफ्ती को रोकना चाहते हैं। इनको पता है कि उनकी लोकप्रियता है। यह सबोटाज करने की योजना है लोकतान्त्रिक संस्थान को।"