गंग्याल थाना के अंतर्गत ग्रेटर कैलाश इलाके से मंगलवार को एक युवती का अपहरण हो गया। पीड़ित अभिभावकों की शिकायत पर गंग्याल पुलिस ने अज्ञात अपहरणकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल आरोपी का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। बताया जा रहा है कि युवती ग्रेटर कैलाश में ही किसी फैक्टरी में काम करती है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से शुद्ध महादेव इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति ने उन्हें शिकायत में बताया कि उनकी बेटी ग्रेटर कैलाश एक फैक्टरी में काम करती है।
यहां वह कुछ लोगों के साथ रह रही थी। अभिभावकों ने जब अपनी बेटी के साथ फोन पर संपर्क किया तो उसके फोन पर संपर्क नहीं हो पाया। किसी अन्य व्यक्ति से जानकारी मिली तो मालूम हुआ है कि उनकी बेटी ग्रेटर कैलाश में नहीं है।
अभिभावकों ने मौके पर आकर देखा तो पता चला कि एक युवक उनकी बेटी का अपहरण करके अपने साथ ले गया। तभी उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी, पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।