पुलिस की अवतार टीम की कार्रवाई जारी है। रविवार को टीम ने तीन युवकों को हेरोइन और दो तेजधार टोकों के साथ दबोच लिया। पक्का डंगा पुलिस ने भी एक युवक को पकड़ कर उससे हेरोइन बरामद की है। पुलिस की अवतार टीम को वाहन चोरी करने वालों को पकड़ने के लिए बनाया गया है, लेकिन पुलिस की कार्रवाई में अधिकतर नशा तस्करी वाले हत्थे चढ़ रहे हैं।
रविवार को शास्त्री नगर में गांधी के प्रोबेशनर डीएसपी इम्तियाज अहमद वाली टीम ने नाका लगाकर पंजाब नंबर की होंडा एकार्ड, पीबी 65डी 1918 को रोका। गतिविधियां संदिग्ध होने पर कार के चालक से दस ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
चालक बाबर आरएस पुरा के चक मोहम्मदआर गांव का रहने वाला है। उसके साथ बैठे दो अन्य साथियों नई बस्ती के विपिन और रायपुर सतवारी के रोहित चौधरी को भी टीम ने दबोच लिया। पुलिस ने इनके खिलाफ केस दर्ज कर पकड़ लिया है।
तलाशी लेने पर इनके पास से दो तेजधार टोके भी बरामद किए गए। पक्का डंगा पुलिस ने भी एक युवक को आठ ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा है। पुलिस ने गली खिलौना में राजेश नायर को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से यह बरामद की गई। वहीं जहां पर जुआ खेलने वाले ऋतिक, सुशील, राकेश और निखिल को डेढ़ लाख रुपये के साथ जुआ खेलते हुए पकड़ा गया।
नशीले इंजेक्शनों के साथ काबू
जम्मू। गंग्याल पुलिस ने भी परमंडल मोड़ के पास नाका लगाकर नशीले इंजेक्शनों के साथ एक युवक को पकड़ लिया। स्कूटी पर जा रहे डिगयाना के रहने वाले मनमोहन को पुलिस ने 700 से अधिक नशीले इंजेक्शनों के साथ पकड़ा। गंग्याल पुलिस ने एक युवक को गांजा के साथ भी बरामद किया है।