मुठभेड़ के दौरान मोर्चा संभाले सेना के जवान
- फोटो : PTI
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के लोलाब के दर्दपुरा इलाके में मंगलवार दोपहर को सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। पिछले कई घंटों से लगातार इलाके में गोलीबारी जारी है। यहां दो से तीन आतंकियों के छिपे होने की आशंका है।
सेना के एक अधिकारी के अनुसार इलाके में कुछ आतंकियों के छिपे होने की सूचना के आधार पर सेना की 28 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) द्वारा दर्दपुरा के जिंदयाल गांव में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया।
बाद में इलाके में घेरा सख्त किया गया और वार्निंग फायर किए गए। इसके बाद इलाके में छिपे आतंकियों ने भी फायरिंग शुरू कर दी। इसके साथ ही भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई।
आतंकियों की संख्या दो से तीन बताई जा रही है। शाम के समय अंधेरा होने पर ऑपरेशन को रात में स्थगित कर सुबह तड़के शुरू किया जा सकता है।