स्वाइन फ्लू ने एक और जान ले ली। प्रदेश में जनवरी से अगस्त तक आठ महीने में 82 मौतें हो चुकी हैं।
प्रदेश में स्वाइन फ्लू का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। अलवर में एक बुजुर्ग महिला की स्वाइन फ्लू की चपेट में आने से मौत हो गई। वृद्धा बानसूर की रहने वाली थी। इसके बाद चिकित्सा प्रसासन ने आज बानसूर पहुंचकर परिजनों और आसपास रहने वाले लोगो को टेमी फ्लू की दवाइयां वितरित की है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसएस अग्रवाल ने बताया कि जिले में स्वाइन फ्लू के एक जनवरी से अब तक टोटल 16 मरीज मिले हैं। इनमें अब तक 4 लोगो की मौत हो चुकी है। इनमें जनवरी में एक मरीज, फरवरी में 2 और बीते दिन हुई मौत शामिल है।
प्रदेश में जनवरी से अगस्त तक आठ महीने में अब तक 82 मौतें हो चुकी हैं। इनमें 27 मौतें इस महीने हुई है। स्वाइन फ्लू की चपेट में आने मांडलगढ़ से विधायक कीर्ति कुमारी की भी मौत पिछले दिनों हुई है।