सावन के महीने का बड़ा त्यौहार तीज बुधवार को धूम धाम से मनाया जाएगा। तीज से एक दिन पहले सिंजारा उत्सव भी होगा, जिसमें महिलाएं हाथों पर मेंहदी लगाएंगी। नव विवाहिताओं के घर पीहर से सिंजारे का शगुन भिजवाया जाएगा।
तीज के दिन चाक चौबंद व्यवस्थाओं के लिए निर्देश दिए गए हैं। जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ महाजन ने 26 व 27 जुलाई को जयपुर में तीज की सवारी निकाले जाने के दौरान पुलिस, यातायात, जयपुर नगर-निगम एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।
तीज समारोह पर तीज माता की सवारी जनानी ड्योढ़ी से रवाना होकर त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार होती हुई पालना बाग तक पहुंचेगी। भोग कार्यक्रम के बाद सवारी वहां से रवाना होकर रावला पहुंचेगी।
उधर, राज्य सरकार द्वारा एक आदेश जारी कर बुधवार, 26 जुलाई को तीज मेले के उपलक्ष्य में जयपुर शहर स्थित राज्य सरकार के समस्त कार्यालयों, राजकीय उपक्रमों एवं शिक्षण संस्थाओं के लिए मध्याह्न डेढ़ बजे से आधे दिन का अवकाश घोषित किया गया है।