जयपुर में आज निकलेगी आक्रोश रैली
- फोटो : Social Media
जालोर में दलित बच्चे की मौत के मामले में गहलोत सरकार घिर गई है। मामले को लेकर भाजपा और आरएलपी लगातार राजस्थान सरकार पर हमलावर है। अब घटना से आक्रोशित एससी-एसटी वर्ग बुधवार को सड़कों पर उतरेगा।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार एससी और एसटी वर्ग जयपुर में आक्रोश रैली निकालेगा। खास बात यह है कि इस रैली में सभी सफेद कपड़े पहनकर विरोध जताएंगे। रैली में बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी सहित महिला-पुरुषों की जुटने की संभावना है। अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण संयुक्त संघर्ष समिति के संरक्षक पूर्व आईएएस महेंद्र सिंह ने बताया कि जालोर में एक बच्चे को स्कूल के अध्यापक ने घड़े का पानी छूने पर मार दिया। राजस्थान में लगातार दलितों के साथ इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। इसी को लेकर समाज में भारी आक्रोश है।
आक्रोश रैली में प्रदेश के सभी जिलों से एससी एसटी वर्ग से जुड़े संगठन के लोग सुबह 11:00 बजे शहीद स्मारक गवर्नमेंट हॉस्टल पर जुटेंगे। वे शांति मार्च के रूप में सिविल लाइंस फाटक जाएंगे। साथ ही मुख्यमंत्री को ज्ञापन देंगे। संघर्ष समिति के अनिल गोठवाल ने बताया कि हम इस रैली किसी भी तरह के किसी भी राजनीतिक पार्टी का झंडा इस्तेमाल नहीं करेंगे। साथ ही न ही किसी के खिलाफ और न ही पक्ष में हम नारे लगाएंगे। ये रैली समाज को मिले संवैधानिक अधिकारों के लिए निकाली जा रही है। पूर्ण रूप से ये रैली शांति मार्च के रूप में होगी।
ये हैं मांगे
इस मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की गई है। इसके अलावा उदयपुर में कन्हैयालाल हत्या कांड में सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता और दो लोगों को सरकारी सेवा में नौकरी देने की घोषणा की गई। उसी अनुरूप बिना भेदभाव के पीड़ित परिवार को वित्तीय सहायता और सरकारी सेवा में नौकरी तत्काल दी जाए। एसएचओ, पुलिस उपअधीक्षक, जिला पुलिस अधीक्षक और जिला कलेक्टर को निलंबित करने जैसी कई मांगे सीएम गहलोत से की गई है।