खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर जमकर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी के लिए जिम्मेदार है। देश में भाजपा की केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ भारी जन आक्रोश व्याप्त है। उनका रथ यात्रा का दांव उल्टा पड़ेगा।
ये ना तो आटा खाने देंगे, ना पराठा खाने देंगे-खाचरियावास
मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावस ने महंगाई को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आटा, दाल, चावल, मुरमुरे, मखाने, दही, छाछ, नमक, दवाईयां, शिक्षा, कचरे तक पर टैक्स लगाकर मोदी सरकार ने लोगों का जीना हराम कर दिया है। अभी थोड़े दिन पहले आटे पर टैक्स लगाने के बाद पराठे पर 18 प्रतिशत टैक्स लगा दिया गया। मोदी सरकार ने यह साबित कर दिया ना तो आटा खाने देंगे, ना पराठा खाने देंगे। प्रदेश के भाजपा नेता बताएं पराठा तो आटे से ही बनता है। आटे पर जब एक बार टैक्स ले लिया तो परांठे पर वापस 18 परसेंट टैक्स क्या यह जुल्म नहीं है। प्रदेश के भाजपा नेता जवाब दें?
मोदी सरकार ने युवाओं को रोजगार को झूठा वादा किया
मंत्री ने आगे कहा कि देश के 50 उद्योगपतियों के 11 लाख करोड़ रुपए के कर्जे मोदी सरकार ने माफ कर दिए लेकिन युवाओं को दो करोड़ रोजगार प्रति वर्ष देने का वादा झूठा साबित हो गया। भाजपा के धोखे, जुल्म, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ देश की जनता में जन आक्रोश है। राजस्थान में सरकारी अस्पताल में एमआरआई, सीटी स्कैन, हार्ट ट्रांसप्लांट, किडनी ट्रांसप्लांट चाहे करोड़ों का इलाज हो डेढ़-डेढ़ लाख एवं पांच-पांच लाख के इंजेक्शन फ्री है। चिरंजीवी योजना में सरकार 10 लाख तक का इलाज फ्री करती है। 50 यूनिट फ्री करके 26 लाख घरों में बिजली कनेक्शन का बिल जीरो कर दिया गया है।
खाचरियावास ने बताया कि किसानों को 12 हजार रुपए सालाना सहायता दी जा रही है। सरकारी स्कूलों में महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूलों ने क्रांति खड़ी कर दी है। राजस्थान की कांग्रेस की गहलोत सरकार का काम बोलता है, भाजपा का झूठ, फरेब, और धोखा अब नहीं चलेगा।