भाजपा की कद्दावर नेता और राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे काफी दिनों के बाद भाजपा कोर कमेटी की बैठक में दिखाई दीं। राजस्थान में उपचुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। भाजपा मुख्यालय में कमेटी की बैठक में धरियावद और वल्लभनगर उपचुनाव में उम्मीदवारों के नाम पर मंथन हुआ।
वहीं किस उम्मीदवार को टिकट मिलेगा इसके लिए दोनों पर सीटों पर दो नेताओं को जमीनी स्तर पर स्थिति पता लगाने के लिए फील्ड में भेजने पर फैसला किया गया। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी राजस्थान का दौरा करेंगे। हालांकि नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया बैठक में नहीं दिखे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा नवंबर के पहले हफ्ते में राजस्थान दौरे पर आएंगे और सुंदर सिंह भंडारी के जयंती कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। नड्डा का उदयपुर संभाग में दौरा संभावित है। हालांकि अभी उनके दौरे की तारीख तय नहीं हुई है।
पुनिया सरकार के खिलाफ खोले हैं मोर्चा
राजस्थान रीट परीक्षा में धांधली को लेकर सरकार के खिलाफ सतीश पुनिया आंदोलन कर रहे हैं इसमें उनके साथ भाजयुमो के कार्यकर्ता दे रहे हैं। पुनिया ने कहा था कि अगर सरकार पूरी तरह से परीक्षा की जांच नहीं कराएगी तो सभी जिलों में आंदोलन होंगे।
राजस्थान की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव
राजस्थान की धरियावद और वल्लभनगर विधानसभा सीटों पर भी 30 अक्तूबर को चुनाव होंगे। उपचुनाव के लिए अधिसूचना एक अक्तूबर को जारी होगी, नामांकन आठ अक्तूबर तक किया जा सकेगा, मतदान 30 अक्तूबर को होगा और मतगणना दो नवंबर को होगी।
गौरतलब है कि धरियावद से भाजपा विधायक गौतम लाल मीणा का 19 मई को कोरोना वायरस संक्रमण से निधन हो गया था, वहीं वल्लभनगर से कांग्रेस विधायक गजेन्द्र सिंह शक्तावत का भी 20 जनवरी को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद निधन हो गया था । दोनों नेताओं के निधन से रिक्त हुई सीटों पर उपचुनाव होना है।