फिल्म अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने वाले कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने थाने की हवालात में जो किया उसे देखकर पुलिसवालों के होश उड़ गए। पुलिस रिमांड पर चल रहे लॉरेंस ने खुद का सिर फोड़ने की कोशिश की।
लॉरेंस बिश्नोई इस वक्त जोधपुर में सरदारपुरा पुलिस के पास रिमांड पर है। जोधपुर के वासुदेव हत्याकांड की साजिश रचने के आरोप में सरदारपुरा पुलिस ने पंजाब की फरीदकोट जेल से लॉरेंस बिश्नोई को प्रोडक्शन वारंट पर ले रखा है। मिली जानकारी के अनुसार, वह पुलिस को पूरी तरह सहयोग नहीं कर रहा है। इस बीच शनिवार को उसने पुलिस पर प्रेशर बनाने के लिए अपना सिर फोड़ने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने उसका मेडिकल कराया और उसकी सुरक्षा बढ़ा दी है।
इस बीच रिमांड अवधि खत्म होने पर सोमवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे दो दिन और पुलिस को सौंप दिया गया। अब उसे सत्रह जनवरी को वापस अदालत में पेश किया जाएगा। सरदारपुरा पुलिस ने उसे तीसरी बार रिमांड पर लिया है।