जयपुर में युवती से सामूहिक दुष्कर्म
- फोटो : फाइल फोटो
जयपुर के प्रागपुरा थाना इलाके की एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने युवती का अपहरण कर लिया और नशीला इंजेक्शन लगाकर कार में उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे प्रागपुरा से जयपुर ले आए। जब उसे होश आया तो वह नारायण सर्किल के पास कार से कूद गई। उसने एसएमएस अस्पताल के गेट पर जाकर गार्ड को आपबीती बताई। जिसके बाद गार्ड ने पीड़िता को पुलिस तक पहुंचाया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि गुरुवार शाम चार बजे पावटा से बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया। बदमाशों ने कार में बेहोशी का इंजेक्शन लगाकर दुष्कर्म किया।
युवती ने बताया कि जब उसे होश आया तो वह जयपुर के नारायण सिंह सर्किल पर चलती कार से कूद गई। उसने एसएमएस अस्पताल के गार्ड को आपबीती सुनाई, जो उसे पुलिस के पास लेकर पहुंचा। मामला प्रागपुरा का होने के चलते जयपुर पुलिस ने प्रागपुरा थाना पुलिस को सूचना दी। जिस पर प्रागपुरा थाना पुलिस देर रात जयपुर आकर पीड़िता को अपने साथ ले गई और प्रागपुरा में गैंगरेप और अपहरण की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच करना शुरू किया। मामले की जांच सीओ कोतवाली संध्या यादव को सौंपी गई है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाकर बयान दर्ज कर लिया है।