जेडीए की हाउसिंग स्कीम के लिए जमीन अवाप्ति का विरोध कर रहे किसानों के लिए आज का दिन राहत देने वाला रहा। इस मामले में राज्य सरकार की ओर से मिले आश्वासन के बाद उन्होंने जिंदा समाधि सत्याग्रह समाप्त कर दिया है।
सचिवालय में आज दोपहर यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी और नींदड बचाओ युवा किसान संघर्ष समिति के बीच वार्ता हुई। इसमें तय हुआ कि सरकार दोबारा से सर्वे करवाएगी। तब तक किसी तरह की तोड़फोड़ नहीं होगी।
राजस्थान की राजधानी जयपुर के नजदीक नींदड़ में हाउसिंग स्कीम के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण ने किसानों की जमीन अवाप्त की है। इसको लेकर किसान आंदोलन कर रहे है। पिछले 29 दिन से उन्होंने जमीन में जिंदा समाधि सत्याग्रह चला रखा था। इसके तहत इन्होंने दिवाली, गोवर्धन, भैया दूज जैसे सभी बड़े त्योहार समाधि स्थल पर मनाएं। इस आंदोलन में महिलाएं और उनके बच्चे भी शामिल हुए थें।