लूट की वारदातों में वांटेड एक बदमाश को पुलिस ने सोमवार को अवैध पिस्टल और कारतसों के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी करधनी थाने का हिस्ट्रीशीटर है और जिला स्तर का हार्डकोर का अपराधी है। उसके खिलाफ चेन स्नेचिंग और पर्स चोरी व अन्य मामलों में 20 चालान पेश हो चुके है।
डीसीपी पश्चिम अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तारी आरोपी अजय सैनी उम्र 20 साल है। वह तिरुपति नगर, छह दुकान बैनाड़ रोड का रहने वाला है। पिछले लंबे अरसे से उसकी तलाश थी। सोमवार को करधनी थानाप्रभारी अनिल जसोरिया को कालवाड़ रोड स्थित गोविंदम टॉवर में फरार आरोपी अजय के मौजूद होने का पता चला था।
सूचना मिलने पर स्पेशल सैल के सब इंस्पेक्टर सवाई सिंह के नेतृत्व में कांस्टेबल अमित सिंह, अनिल सिंह ने आरोपी अजय सैनी को गोविंदम टॉवर के पास कालवाड़ तिराहे पर रुकवा लिया। उसने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस टीम ने अजय को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान उसके के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा व जिंंदा कारतूस बरामद कर लिया। अजय सैनी ने पिछले दिनों श्याम नगर, वैशाली नगर, विद्याधर नगर इलाकों में करीब एक दर्जन से ज्यादा चेन स्नेचिंग व पर्स छीनने की वारदातें करना स्वीकार किया है। वह कई बार जेल चुका है। वह बाइक पर साथियों के साथ बैठकर स्नेचिंग की वारदातें करता है।