अलवर जिले में पुलिस ने एक कार्रवाई कर तिजारा और किशनगढ़ तहसील में अवैध हथियार लेकर घूम रहे दो जनों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से पुलिस ने 315 बोर के दो देशी कट्टे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए है।
पुलिस अधीक्षक, अलवर राहुल प्रकाश ने बताया कि तिजारा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई कर असलीमपुर चैक पर आरोपी सुखबीर पुत्र रामप्रसाद गुर्जर उम्र 21 साल निवासी बिस्सर थाना तावडू (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा 315 बोर व 1 जिन्दा कारतूस 315 बोर जब्त किया। आरोपी से अवैध हथियार के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है।
एसपी राहुल प्रकाश ने बताया कि इसी तरह किशनगढ़बास थाना पुलिस ने आरोपी जान मोहम्मद पुत्र कालूसिंह खां मेव उम्र 24 साल निवासी खोयड़ा करमाली थाना नौगांवा जिला अलवर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि बिजली पावर हाउस के पास पर एक संदिग्ध युवक आने—जाने वाले वाहनों को हाथ का इशारा देकर रूकवा रहा था।
पुलिस ने जान मोहम्मद को पकड़कर तलाशी ली तब उसकी पेंट में 315 बोर का एक देशी कट्टा व एक जिन्दा कारतूस मिला । आरोपी को गिरफ्तार कर अवैध देशी कट्टा व कारतूस जप्त किया। उससे पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में एसपी अलवर ने अवैध हथियार की तस्करी की रोकथाम के लिए जिले के सभी थानाधिकारियों को सख्त निर्देश देकर विशेष टीमों का गठन किया था।