नेशनल हाइवे नंबर 12 पर आज तेज रफ्तार एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर रुक गई। इससे पिकअप चालक और उसके साथी की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही, पिकअप में सवार दो जने गंभीर घायल हो गए। घायलों को एसएमएस अस्पताल रैफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा आज अलसुबह जयपुर जिले की चाकसू तहसील में नेशनल हाइवे नंबर 12 पर ओसवाल गैस एजेंसी के सामने हुआ। हादसे में गांव सिसोलाई, जिला सवाईमाधोपुर पिकअप चालक विश्राम मीना व गांव ईसरदा जिला सवाईमाधोपुर निवासी परिचालक जीतू कीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे में ईसरदा निवासी कालूराम कीर और निवाई निवासी महेश माली गंभीर घायल हो गए। उनका जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार जारी है।