OLX पर प्रोडक्ट बेचने का झांसा देकर लोगों से लूटपाट करने वाले गिरोह के पदार्फाश के बाद पुलिस को आज बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गैंग के मास्टरमाइंड और उसके एक साथी को आज गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
यह कार्रवाई अलवर जिले की सदर थाना पुलिस ने की है। जहां मुख्य आरोपी साबिर को अलवर के गांव ककराली से गिरफ्तार किया गया। साबिर के साथ पुलिस ने साबिर के साथी बदमाश मुफीद उर्फ भिंडी को भी गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
एसपी राहुल प्रकाश ने बताया कि पिछले माह ओएलएक्स पर प्रोडक्ट बेचने के बहाने लोगों को फंसाकर लूट करने वाले गिरोह का खुलासा सदर थाना पुलिस ने किया था। पुलिस ने गिरोह के चार बदमाशों को पकड़ लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी साबिर मौके से फरार हो गया था। उसे आज ककरानी से पकड़ा गया। आरोपी साबिर पर तीन हजार का ईनाम जिला पुलिस ने घोषित किया था।