अलवर में एसपी साहब के दफ्तर में गुहार लगाने आए एक युवक ने विषाक्त खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अलवर पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में एमआईए स्थित मूनपुर गांव का रहने वाला अनिल सिंह अपनी शिकायत दर्ज कराने आया। उसका कहना था कि 17 मार्च को उसने गांव की एक युवती से कोर्ट में शादी कर ली। इसके बाद युवती के परिजनों ने युवती को घर आने की कहकर धूमधाम से शादी करने का झांसा दिया। जब युवती अपने घर परिजनों के पास गई तो उन्होंने उसे वहीं रोक लिया। इस पर अनिल सिंह ने युवती की गुमशुदगी रिपोर्ट एमआईए थाने में दर्ज कराई।
रिपोर्ट पर कोई कार्रवाई नहीं होने से हताश अनिल अपनी अर्जी लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा, लेकिन यहां उसने बाहर निकलते ही विषाक्त खा लिया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसको अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल युवक खतरे से बाहर बताया गया है। सूचना पर पहुंचे शहर कोतवाल सुनील गुप्ता ने बताया कि युवक के होश में आने के बाद ही मामले की पूरी जानकारी लेकर जांच की जाएगी।