आपसी कहासुनी के बाद दो अलग-अलग हॉस्टल में रहने वाले छात्र गुटों में आज जमकर पथराव हुआ। इससे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ दुकानदारों ने दुकानों के शटर भी गिरा दिए।
यह मामला है राजस्थान के अलवर जिले का। जहां अरावली विहार थाना इलाके में राजपूत और यादव समाज के छात्रावास है। इन दोनों छात्रावासों में रहने वाले युवकों की आपस में किसी बात पर कहासुनी हो गई। इस विवाद ने तूल पकड़ लिया। इससे दोनों छात्रावासों में रहने वाले छात्र गुट घोड़ा और फिर चौराहे पर आमने-सामने हो गए।इस दौरान एक-दूसरे पर पथराव शुरु कर दिया।
करीब 15 मिनट तक चले पथराव से आसपास मौजूद राहगीरों, दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। वे बचने के लिए भागने लगे। सूचना मिलने पर सीओ ग्रामीण सांवरमल नागौरा समेत सर्किल के थानाप्रभारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद शांति कायम करवाई और कुछ उत्पाती छात्रों को हिरासत में लिया।