तीर्थ नगरी पुष्कर में स्मैक की डिलीवरी देने आए तस्कर को पुष्कर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तस्कर के कब्जे से 140 ग्राम स्मैक बरामद की गई है, जिसकी कीमत चौदह लाख रुपए से अधिक है।
पुष्कर थानाधिकारी महावीर शर्मा ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि देवनगर रोड़ पर एक व्यक्ति भारी मात्रा में स्मैक की डिलीवरी देने के लिए पहुंच रहा है। इस पर जाल बिछाकर मंदसौर निवासी ललित पाटीदार को दबोचा गया। उसके पास से थैली में रखी 140 ग्राम स्मैक बरामद की है। आरोपी ललित के खिलाफ नारकोटिक्स अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। आरोपी का आपराधिक रिकाॅर्ड भी खंगाला जा रहा है।
गौरतलब है कि पुष्कर व अजमेर नशे का ट्रांजिट प्वाइंट बन गया है। यहां पर जमकर नशीले पदार्थों की बिक्री होती है। पुलिस कई बार तस्करों को पकड़ भी चुकी है, लेकिन इनका व्यापार दिनों-दिन बढ़ रहा है।