सीकर के सदर थाना इलाके में नानी बाइपास पर मंगलवार देर रात कार और जीप की भिड़ंत में युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
जानकारी के अनुसार, शहर के रामलीला मैदान क्षेत्र के रहने वाले राकेश सैनी देर रात अपनी कार से सीकर आ रहा था। इसी दौरान नानी बाइपास के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राकेश की कार आगे से पूरी तरह चिपक गई। इसके चलते राकेश को बाहर निकलने का भी मौका नहीं मिला और उसने कार में ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम हो गया।
हालांकि, सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को वहां से हटवाया। जिसके बाद यातायात फिर से सुचारू हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले में जांच की जा रही है।