भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) स्पेशल यूनिट मुख्यालय की टीम ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरएएस अफसर और उसके रीडर को 80 हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो महानिरीक्षक वीके सिंह ने बताया कि परिवादी कप्तान सिंह ने एसीबी में यह शिकायत दी कि उसके खिलाफ एसडीएम कोर्ट हिंडौन सिटी के माध्यम से थाना कोतवाली हिंडौन सिटी में 573/ 17 मुकदमा दर्ज हुआ था। जिसमें परिवादी की मदद करने के एवज में एसडीएम कार्यालय के रीडर लल्लू राम गुर्जर के माध्यम से एसडीएम रामचंद्र मीणा ने 2.80 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। इनमें से दो लाख रुपए रुपए पहले ही परिवादी से आरोपी एसडीएम व रीडर को दे दिए।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के एएसपी स्पेशल यूनिट मुख्यालय आलोक सिंघल के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया गया। इसके बाद आज एसडीएम कार्यालय के रीडर लल्लू राम गुर्जर को एसडीएम के लिए 80 हजार रुपए की रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।