आमतौर पर आए दिन मेवात में कोई न कोई लूट और धोखाधड़ी का मामला सामने आ जाता है। बृहस्पतिवार को ही पीड़ित ने पिनगवां थाने में चार लोगों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने, लूट का मामला दर्ज कराया है।
demo pic
थाना प्रभारी का कहना है कि मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। नोएडा निवासी मयंक ने पुलिस को बताया कि वह मकान, दुकान, अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम करता है। करीब चार महीने पहले उसके पास फोन आया कि वे नूंह जिले के कस्बा पिनगवां स्थित डॉ. हिम्मत राय मेमोरियल अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे लगवाना चाहते हैं।
मयंक का कहना है कि 14 मई 2017 को पिनगवां पहुंच गया, जहां आरोपियों से फोन पर बात हुई। अस्पताल के पास दो आरोपी मिले। उन्होंने कहा कि अस्पताल के मालिक का एक स्कूल पीछे चल रहा है, उसमें भी सीसीटीवी कैमरे लगने हैं, पहले स्कूल का देख आते हैं।
प्रतीकात्मक चित्र
शिकायतकर्ता का आरोप है कि वह दोनों आरोपियों के साथ चला गया। जहां पहले ही से दो और युवक बैठे हुए थे। उसकी जेब में रखे 3 हजार और मोबाइल लूट लिए। इसके बाद डेबिट कार्ड छीन कर खाते से 45 हजार और 34,500 रुपये निकाल लिए।
आरोपियों ने उससे कुल 95 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने इसकी शिकायत पिनगवां थाने में दी लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाए उसे भगा दिया। पिनगवां थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि यह करीब चार महीने पुराना मामला है। उनके संज्ञान में अभी आया है। उसने चार आरोपियों के खिलाफ लूट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।