मेडिकल एजुकेशन के लिए प्रदेश के सबसे बड़े और विख्यात सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल की छत से एक मेडिकल स्टूडेंट बेसुध होकर गिर पड़ा। इससे उसका सिर फट गया।
स्टूडेंट की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार हादसे में घायल मेडिकल स्टूडेंट मयंक स्वामी है। वह चूरू जिले का रहने वाला है। यहां एसएमएस मेडिकल कॉलेज से इंटर्नशिप कर रहा है और वह यहां सीनियर बॉयज हॉस्टल में रहता है।
बताया जा रहा है कि कल देर रात हॉस्टल की छत पर कुछ स्टूडेंट्स पार्टी कर रहे थे। इस दौरान मयंक हॉस्टल की छत से नीचे छज्जे पर आ गिरा। दो मंजिल से गिरने से उसका सिर फट गया।
हड़कंप मचा, जांच शुरू
incident scene
- फोटो : Demo pic
इस घटना के बाद वहां हड़कंप मच गया। सकपकाए अन्य छात्रों ने लहूलुहान हालत में मयंक को ट्रोमा सेंटर वार्ड पहुंचाया। जहां उसे आईसीयू में भर्ती करवाया गया। देर रात उसके सिर का ऑपरेशन किया गया। खून काफी बहने से उसकी हालत गंभीर है।
दूसरी तरफ, इस पूरे मामले में मेडिकल विभाग ने चुप्पी साध रखी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आज सुबह मेडिकल एजुकेशन सचिव आनंद कुमार और एसएमएस मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. यूएस अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। इसके बाद कॉलेज की छतों की सुरक्षा बढ़ाने, फेंसिंग करने के दिए निर्देश दिए। साथ ही, घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं।
हालांकि, कुछ लोगों का दबी जुबान से कहना है कि हॉस्टल की छत पर पार्टी के दौरान मयंक असंतुलित होकर गिर पड़ा। वहीं, किसी का कहना है कि मयंक मोबाइल फोन पर बातें करते वक्त छत पर चला गया। तभी हादसा हो गया। मामले की जांच शुरू हो गई है।