वृद्धा घर में अकेली थी तभी पड़ोस में रहने वाला किरायेदार युवक आया। बातों में उलझाकर युवक ने वृद्धा पर हमला कर दिया।
मामला राजस्थान के कोटा का है। जहां ज्वैलर्स के साथ लूट के मामले में पुलिस के हाथ अभी तक खाली है, वहीं उसी थाना क्षेत्र में एक वृद्धा के गले से चेन लूट ली। रामपुरा कोतवाली से कुछ ही दूरी पर रहने वाली सुशीला मित्तल अपने घर पर थी। इसी दौरान पड़ोस का नया किरायेदार बनकर आए एक शख्स ने उससे झाडू मांगी। महिला लूटपाट की हो रही घटनाओं से सचेत थी, इसलिए पहले तो उसने शख्स को झाडू देने से मना कर दिया। इस शख्स ने वृद्धा को बातों में उलझाया और फिर अचानक उस हमला कर दिया।
आंखों में झोंक दी मिर्च
महिला की सूजी हुई आंखें
- फोटो : अमर उजाला
बदमाश महिला को बाल पकड़कर घसीटते हुए कमरे के अंदर बंद करने लगा। इस दौरान महिला चिल्लाने ही वाली थी कि बदमाश ने वृद्धा के मुंह और आंखों में मिर्ची झोंक दी।
जानकारी के अनुसार, बदमाश घर में लूटपाट के इरादे से आया था, लेकिन जब मामला बिगड़ा तो वह बुजुर्ग महिला के गले से पौने दो तोला वजनी सोने की चेन तोड़कर भाग निकला। महिला की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग आए और फिर रामपुरा कोतवाली थाना पहुंचकर मामला दर्ज करवाया। लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द आरोपी नहीं पकड़ा गया तो वह थाने पर उग्र आंदोलन करेंगे।