भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सहायक पुलिस निरीक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने घूसखोर थानेदार को 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा। यह कार्रवाई बीकानेर एसीबी टीम ने की है।
बीकानेर एसीबी के प्रभारी एडिशनल एसपी रजनीश पूनियां ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एएसआई जगदीश प्रसाद है। वह रावतसर थाना, हनुमानगढ़ जिले में पदस्थापित है। उसके खिलाफ रावतसर निवासी परिवादी दिलीप ने एसीबी में शिकायत दर्ज करवाया था।
जिसमें बताया कि जमीन विवाद के एक मुकदमे में मदद करने की एवज में एएसआई जगदीश प्रसाद उससे 60 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। तब रिश्वत का सत्यापन बीकानेर एसीबी टीम ने किया।
इसके बाद एडिशनल एसपी रजनीश पूनियां के निर्देशन में आज ट्रेप रचा और परिवादी दिलीप को 60 हजार रुपए लेकर एएसआई जगदीश प्रसाद के पास भेजा। तब रिश्वत की रकम लेते ही एसीबी ने आरोपी एएसआई को रंगे हाथों धरदबोचा। रिश्वत की रकम बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया।