उत्तरप्रदेश में दोहरे हत्याकांड में सात साल से फरार चल रहा एक युवक आज पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने आरोपी को यूपी पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद यूपी पुलिस आरोपी को लेकर रवाना हो गई।
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी पश्चिम अशोक गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी लालबहादुर उर्फ डीलर जाटव है। वह गांव बुढ़ौली थाना किशनी जनपद मैनपुरी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। उसके बहन-बहनोई जयपुर के करणीविहार इलाके में सुमन विहार कॉलोनी में रहते है।
इसी कॉलोनी में दोहरे हत्याकांड का वांटेड आरोपी लालबहादुर उर्फ डीलर के रहने की सूचना मिली। तब करणीविहार थानाप्रभारी महावीर सिंह के निर्देशन में कांस्टेबल विजय सिंह ने सूचना के सत्यापन करवाया गया।
वर्ष 2011 में पति-पत्नी की हत्या कर दी थी
crime
- फोटो : Demo pic
आरोपी लालबहादुर अपना नाम व पता बदलकर मनोज नाम से करणीविहार के ही एकता नगर सी में एक मकान में किराए से परिवार के साथ रह रहा था। इसके बाद आज करणीविहार और उत्तरप्रदेश से आई पुलिस टीम ने आज दबिश देकर आरोपी लालबहादुर उर्फ डीलर उर्फ मनोज को गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी गुप्ता के मुताबिक आरोपी लालबहादुर ने वर्ष 2011 में पति-पत्नी की हत्या कर दी थी। इसके बाद वह पत्नी व बच्चों को लेकर जयपुर भाग आया। वह फर्जी नाम व पते से परिवार के साथ जयपुर में आमेर, ट्रांसपोर्ट नगर, झालाना, जगतपुरा, मालवीय नगर तथा करणीविहार इलाके में सुमन विहार , एकता नगर मे रहकर फरारी काट रहा था।
उत्तरप्रदेश की औरेया जिले में पुलिस और यूपी एसओजी की टीम आरोपी लालबहादुर की तलाश कर रही थी। तब उन्हें लालबहादुर के जयपुर में होने की सूचना मिली। इसके बाद औरेया से एसओजी टीम प्रभारी एसआई अलमा अहिरवार और थाना बिधूना जनपद, औरेया के एसआई अंकित शर्मा पुलिस टीम लेकर जयपुर पहुंचे। उन्होंने डीसीपी पश्चिम से मुलाकात कर सहयोग मांगा। तब आरोपी पकड़ा गया।