डूंगरपुर जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने सोमवार को एक पटवारी को दो हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई डूंगरपुर में एसीबी में डीएसपी गुलाब सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
एसीबी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी दिलीप सिंह चूंडावत गांव आसपुर, जिला डूंगरपुर का रहने वाला है। वह डूंगरपुर के आईएलआर सर्किल में माडा हल्के का पटवारी है। दिलीप सिंह के खिलाफ माडा निवासी दिलीप कुमार ने 20 मार्च को एसीबी में शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें आरोप लगाया कि उसके भाई संजय लबाना की कृषि भूमि की मां के नाम से रजिस्ट्री हुई थी। उस जमीन का नामांतरण खोलने की एवज में पटवारी दिलीप सिंह रिश्वत में दो हजार रुपए की मांग कर रहा है। उसी दिन शिकायत का सत्यापन होने पर एसीबी ने ट्रेप रचा।
परिवादी दिलीप कुमार सोमवार को पटवारी दिलीप कुमार सिंह के पास रिश्वत की रकम देने पहुंचा। जहां उसने रिश्वत की रकम टेबल पर रखी। जिसे दिलीप सिंह ने उठाकर जेब में रखा तभी इशारा मिलने पर एसीबी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पटवारी ससे पूछताछ की जा रही है।