कोटा में एक बार फिर कोचिंग छात्र लापता हो गया है। मध्यप्रदेश के श्योपुर से 10 दिन पहले यह छात्र मेडिकल की कोचिंग करने के लिए यहां आया था।
जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के गांव जौनपुर निवासी सुखबीर सिंह दसवीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद 5 जुलाई को कोटा आया था। 12 जुलाई को सुबह 7 बजे के बाद से वह अचानक लापता हो गया। इस सम्बंध में जितेंद्र सिंह पुत्र मंगल सिंह ने अपने भाई सुखबीर के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
इसमें उसने बताया है कि सुखबीर ने एक कोचिंग संस्थान में मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए एडमिशन लिया था। इसके बाद वह जवाहर नगर इलाके में किराये का कमरा लेकर रह रहा था। 12 जुलाई को सुबह वह कही चला गया। मोबाइल, एटीएम कार्ड तथा अन्य सामान कमरे में ही पड़ा है। पुलिस ने मामला दर्ज करके छात्र सुखबीर की तलाश शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि पिछले माह भी यूपी का रहने वाला अंकित कोटा से अचानक लापता हो गया था।