तेज रफ्तार स्कार्पियो बेकाबू होकर पलटियां खा गई। इससे गाड़ी में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह दर्दनाक हादसा राजस्थान के धौलपुर जिले में हुआ। पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि बाड़ी, धौलपुर से कुछ लोग एक स्कार्पियो में सवार होकर भरतपुर जा रहे थे। आज सुबह करीब आठ बजे बसेड़ी थाना इलाके में पिपरोन पुलिया के पास अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार स्कार्पियो पलटियां खा गई।
इस दर्दनाक हादसे में मुनेश उम्र 32 साल निवासी सरसेना हलैना भरतपुर, विक्रम उम्र 30 साल निवासी रूपवास भरतपुर तथा शोभाराम उम्र 40 साल निवासी जसनगर नागौर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि इस हादसे में रामनिवास, समुद्रसिंह, कृपाल सिंह, शिब्बो, विष्णु तथा श्रीभान गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें एंबुलेंस से बसेड़ी के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया। बसेड़ी पुलिस के मुताबिक स्कार्पियो में सवार सभी लोग बाड़ी और सरमथुरा में एक ठेकेदार के पास रॉयल्टी कलेक्शन के काम से जुड़े थे।