भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने आज एक हैड कांस्टेबल को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की रकम बरामद कर ली है। यह कार्रवाई राजस्थान में सीकर जिले में एसीबी टीम ने की। एसीबी के मुताबिक पकड़ा गया बनवारी लाल सीकर के उद्योग नगर थाने में हैडकांस्टेबल है।
गत 2 सितंबर को किसी महिला ने उद्योग नगर थाने में परिवाद दर्ज करवाया था। जिसमें बताया कि उनके किसी परिचित व्यक्ति ने परिवादिया के पति की गाड़ी और 70 हजार रुपए छीन लिए है, जो कि लौटा नहीं रहा है। इसकी जांच हैडकांस्टेबल बनवारी लाल को सौंप दी गई। एसीबी के सीआई महेंद्र सिंह ने बताया कि गांव भादवासी निवासी श्रवण कुमार ने एसीबी में शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें बताया कि उसके और दो साथियों के खिलाफ किसी महिला ने अपने पति से मारपीट कर गाड़ी और रुपए छीनने का परिवाद दिया था।
इसकी जांच उद्योग नगर थाने के हैडकांस्टेबल बनवारीलाल को सौंपी गई थी। इस पर बनवारी लाल ने श्रवण कुमार को फोन कर उसे बंद करने की धमकियां दी और पांच हजार रुपये लेकर थाने बुलाया। शिकायत का सत्यापन होने पर एसीबी ने आज देर शाम को ट्रेप रचा। जिसमें परिवादी श्रवण पांच हजार रुपये लेकर उद्योग नगर थाने पहुंचा और रुपये हैडकांस्टेबल बनवारी को दे दिए।
एसीबी की टीम ने हैड कांस्टेबल बनवारी को रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी को बुधवार को जयपुर एसीबी कोर्ट में पेश किया जाएगा।