अलवर जिले के भिवाड़ी में एक नाबालिग बच्ची से गैंगरेप के बाद कर उसे ब्लैकमेल कर पांच लाख रुपए मांगने का मामला सामने आया है। वारदात में शामिल नामजद आरोपी भी नाबालिग ही बताए जा रहे है। जिनके खिलाफ पीड़िता के भाई ने फूलबाग थाने में मुकदमा दर्ज करवाया। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरु कर दी है।
बताया यह भी जा रहा है कि आरोपियों ने पीड़िता से दुष्कर्म के बाद मोबाइल फोन से वीड़ियो भी बनाया था। इसके बाद वे उसे बदनाम करने की धमकियां देकर रुपयों की मांग कर रहे थे। इसमें एक लाख रुपए उन्होंने पीड़िता से ले भी लिए। लेकिन इसके बाद भी सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करना जारी रखा। जिससे परेशान होकर पीड़िता के भाई ने शनिवार रात को पुलिस थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार नाबालिग पीड़िता फूलबाग थाना इलाके के एक गांव की रहने वाली है। इसी गांव में रहने वाले एक नाबालिग युवक ने उससे दोस्ती गांठ ली। करीब दो तीन— माह पहले उसे सूनसान जगह ले गया। जहां आरोपी और उसके तीन चार अन्य साथियों ने मिलकर बालिका से दुष्कर्म और आपत्तिजनक हरकतें की। मोबाइल से वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो को वायरल करने की धमकियां देकर उसे ब्लैकमेल किया और पांच लाख रुपयों की मांग की। तब परेशान होकर बालिका ने अपने भाई को बताया। इसके बाद भाई ने भी आरोपियों से बातचीत कर समझाया। लेकिन उन्होंने ब्लैकमेल करना जारी रखा।