बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से करंट लगने पर दो भाई बहनों समेत चार जनों की दर्दनाक मौत हो गई। यह मामला राजस्थान में उदयपुर संभाग के प्रतापगढ़ जिले का है। जहां घंटाली थाना इलाके में बोरी ग्राम पंचायत के लिलिया गांव है। यहां आज बिजली का हाई वोल्टेज केबल तार टूटकर गिर गया।
इससे स्थानीय निवासी कारूलाल मीणा उम्र 25वर्ष, अम्बालाल मीणा उम्र 15वर्ष, लक्ष्मण मीणा का बेटा अनिल उम्र 15 वर्ष तथा बेटी पिक्का उम्र 11 वर्ष इस तार की चपेट में आ गए। गंभीर रुप से झुलसने पर चारों जनों को स्थानीय लोगों ने पीपलखूंट अस्पताल पहुंचाया। जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीन मासूम बच्चों और एक युवक की इस दर्दनाक मौत से गांव में कोहराम मच गया।
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने शव देरी से उठाए और वहां हंगामा खड़ा हो गया। तब सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी रतनलाल भार्गव समेत आला प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। समझाइश कर शवों को परिजनों के सुपुर्द किया। उनका पोस्टमार्टम करवाया। अब पुलिस मामले की जांच करवा रही है।