मादक पदार्थों की विशेष अदालत ने अफीम तस्करी करने वाले अभियुक्त नासिर और शब्बीर को पांच साल की सजा सुनाई है। सजा के साथ ही अदालत ने आमेर निवासी इन अभियुक्तों पर पचास-पचास हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। वहीं अदालत ने प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी कल्लू कुरेशी के संबंध में पुलिस को प्रगति रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत को बताया कि 9 जुलाई 2012 को महेशनगर थाना पुलिस गश्त पर थी। इतने में अर्जुन नगर फाटक की तरफ से एक मोटरसाईकिल तेजी से आई। पुलिस को देखकर मोटरसाईकिल का चालक गलत दिशा में गाड़ी भगा ले गया। पुलिस को संदेह होने पर उसने मोटरसाईकिल का पीछा कर उसे पकड़ा। तलाशी में पुलिस को मोटरसाईकिल पर सवार दोनों अभियुक्तों के कब्जे से कुल तीन किलो तीन सौ ग्राम अफीम बरामद हुई। इस पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अदालत में आरोप पत्र पेश किया।