बैंक में सामान्य दिनों की तरह कामकाज हुआ। शाम को कैश मिलाया तो पांच लाख रुपए कम मिले।
मामला अलवर के राजगढ़ स्थित बड़ौदा राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक शाखा से जुड़ा हुआ है। यहां अज्ञात युवक बड़ी सफाई से कैशियर के पीछे कैश बक्से में रखे पांच लाख रुपए लेकर चंपत हो गया। शाम को कैशियर ने जब कैश का मिलान किया तो पांच लाख रुपए कम मिले।
यह घटना पिछले माह 29 जून की है, लेकिन बैंक ने मामला कल शाम को राजगढ़ थाने में दर्ज कराया है। दरअसल ये मामला दर्ज होने में देरी की भी वजह रही है। बैंक ने उस दिन के सीसीटीवी फुटेज मुंबई स्थित मुख्यालय से मंगाए और उसकी जांच की। इसके बाद यह रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक सुनील कुमार ने थाने में दी रिपोर्ट में बताया है कि 29 जून को बैंक कार्य सुचारू रूप से चल रहा था। बैंक में बाबूलाल मीणा कैश का काम देख रहे थे। शाम को कैश का मिलान किया गया तो उसमें 5 लाख रुपए कम मिले। सीसीटीवी फुटेज देखे गए तो इसमें एक अज्ञात युवक का सिर कैश केबिन के पीछे रखे बक्से से नोट की गड्डी अपनी शर्ट के अंदर रखता हुआ दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।