जयपुर में चेन स्नेचर गिरोह पकड़ा
- फोटो : Vishnu Sharma
जयपुर कमिश्नरेट की पूर्व जिले की पुलिस ने बुधवार को चेन स्नेचिंग की वारदातें करने वाले गिरोह का खुलासा कर एक महिला समेत तीन जनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि इस गिरोह ने चेन स्नेचिंग की तीन दर्जन वारदातें करना कबूल किया है।
आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है। एडिशनल डीसीपी पूर्व हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विकास सांसी उम्र 21 साल निवासी लोधाखेड़ली, लक्ष्मणगढ़ जिला अलवर का है। दूसरा आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू सांसी उम्र 20 साल निवासी पंडेर, भीलवाड़ा का है, जबकि आरोपी महिला सोनम सांसी उम्र 22 साल है। ये तीनों जयपुर में मनोहरपुर कच्ची बस्ती, जवाहर सर्किल में रह रहे है।
एडिशनल डीसीपी के मुताबिक 7 जून को बजाज नगर के पास केसर स्वीट्स के सामने मुकेश भंडारी की पत्नी अल्का की चेन बाइक सवार दो लुटेरे छीनकर भाग निकले थे। इसके बाद एसीपी दिनेश शर्मा व बजाज नगर थानाप्रभारी मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पड़ताल में पुलिस को आरोपी विकास और एक अन्य युवक के दुर्गापुरा पुलिया के नीचे चेन स्नेचिंग की वारदात में खड़े होने की सूचना मिली थी। तब पुलिस टीम ने उन दोनों को पकड़कर पूछताछ की। उनके कब्जे से दिल्ली नंबरों की पल्सर बाइक बरामद की। जिसे दोनों आरोपी युवकों ने दिल्ली से चुराना बताया। लूटी गई चेन के बारे में पता चलने पर जीतेंद्र ने उसके साथ रहने वलाी सोनम सांसी को चेन बेचने की जानकारी दी। तब पुलिस ने विकास व जितेंद्र के अलावा सोनम को भी गिरफ्तार कर लिया।
थानाप्रभारी मनोज गुप्ता के मुताबिक गिरोह ने कमिश्नरेट जयपुर के पूर्व व दक्षिण जिले के विभिन्न थाना इलाकों में बुजुर्ग व्यक्तियों और राहगीर महिलाओं के धक्का देकर पर्स लूटने और चेन तोड़ने की तीन दर्जन से ज्यादा वारदातें करना बताया है।