जयपुर में बजाज नगर थाने के सामने तेज रफ्तार बस ने मंगलवार को बाइक सवार युवक की जान ले ली। हादसे के बाद बस को ड्राइवर वहीं छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर पहुंची दुर्घटना अनुसंधान ईकाई पुलिस ने बस को जब्त कर लिया। आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
सब इंस्पेक्टर शक्तिदान ने बताया कि हादसे में 20 वर्षीय कुश कुमार पारीक की मौत हो गई। वह लालकोठी योजना में एफ ब्लॉक निवासी राकेश कुमार का बेटा था और मालवीय नगर में महावीर कैंसर सोसायटी में नौकरी करता था।
मंगलवार सुबह रोजाना की तरह करीब नौ बजे कुश अपनी बाइक पर घर से आॅफिस जा रहा था। वह टोंक रोड से होकर बजाज नगर थाने के सामने पहुंचा। तभी तेज रफ्तार मिनीबस ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक चालक कुश कुमार गंभीर घायल हो गया। दुर्घटना के बाद बस का ड्राइवर मौके से भाग निकला। बजाज नगर पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।