मामा से टोल वसूलने का मामला एक थानेदार को इतना नागवार गुजरा कि वह तैश में आकर खुद ही नाके पर झगड़ा करने पहुंच गया।
यह मामला है राजस्थान के बाड़मेर जिले का। पुलिस इंस्पेक्टर रामनिवास विश्नोई जिले के सिवाना थाने का थानाधिकारी है। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले इंस्पेक्टर रामनिवास विश्नोई के रिश्तेदार मामा से मेगा हाइवे पर भूंका भगतसिंह टोल नाके पर टोलकर्मियों ने टोल वसूल लिया था।
टोल वसूली से तैश में आया थानेदार सबक सिखाने के लिए टोल नाके पर पहुंचा, तो वहां मारपीट हो गई। इस आपसी मारपीट में इंस्पेक्टर समेत दो जने घायल हो गए। सूचना मिलने पर सिणधरी थानाधिकारी सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और दोनों घायलों को सिणधरी लाया गया।
डंडा लेकर पहुंचे थानेदार को डिपार्टमेंट से भुगतनी पड़ी ये सजा
टोल प्वाइंट
- फोटो : bureau
ये मामला जिले के पुलिस अधीक्षक डॉक्टर गगनदीप सिंगला तक पहुंचा, तब उन्होंने झगड़ा करने पहुंचे थानाप्रभारी को सस्पेंड कर दिया। उनकी जगह इंस्पेक्टर अमर सिंह को नया थानाप्रभारी लगाया है। मामले में सिणधरी थाना पुलिस ने विद्याधर जाट, शंकरलाल जाट, विनोद सेवक, शिवलाल जाट को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सिवाना थानाधिकारी रामनिवास विश्नोई अपने रिश्तेदार के साथ बुधवार देर रात 12 बजे स्कार्पियो लेकर भूंका भगतसिंह टोल पर पहुंचा। वह सीधा टोल कार्यालय में डंडा लेकर घुसा और वहां मौजूद टोल मैनेजर और कर्मचारियों से उलझ पड़ा।
मारपीट में रामनिवास विश्नोई और टोलकर्मी विनोद के सिर से खून बह रहा था। उन्हें नजदीक कि निजी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। इस मामले की जांच एएसपी बालोतरा को सौंप दी है।