अलवर के एनईबी थाना पुलिस ने शहर में ATM कार्ड हैक कर रुपए निकालने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने 9 एटीएम कार्ड और एक कार भी बरामद की है। गिरोह ने पिछले 5 साल में दिल्ली एनसीआर के अलावा राजस्थान और उत्तर प्रदेश में मुख्य रूप से दिल्ली, गुड़गांव, पलवल, मथुरा और मानेसर में वारदात को अंजाम दिया है।
एनइबी थाना पुलिस ने अलवर के 60 फुट रोड पर संदिग्ध युवकों से पूछताछ की, जिसमें तीनों आरोपितों ने एटीएम हैक कर रुपए निकालने की बात स्वीकार की। पकड़े गए आरोपितों में दो आरोपित नूह मेवात के मुबारकपुर निवासी शाहिद खान और शुजाउद्दीन है। वहीं, एक आरोपित हरियाणा के पलवल के ग्राम खाईका निवासी जावेद खान है। थानाधिकारी देवेंद्र प्रताप ने बताया कि यह गिरोह एटीएम हैक करने के दौरान ग्राहक को तीनों ओर से घेर कर खड़े हो जाते हैं और मौका पाकर ATM मशीन के बटन से छेड़खानी कर उसे हैक कर देते हैं। जैसे ही ग्राहक ATM से वापस जाता है तो कुछ ही देर बाद ग्राहक के फोन पर एटीएम से पैसे निकलने का मैसेज आता है। जब तक ग्राहक वापस एटीएम पर पहुंचे तब तक आरोपित मौके से फरार हो जाते हैं। फिलहाल पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।