प्रदेश के गैंगस्टर रहे आनंदपाल फरारी प्रकरण में जमानत पर चल रहे बर्खास्त पुलिस कमांडो शक्ति सिंह की सुप्रीम कोर्ट से जमानत खारिज होने के बाद एसओजी ने उसको वापस गिरफ्तार कर लिया।
एसओजी ने गिरफ्तार शक्ति सिंह को आज परबतसर एडीजे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजने के आदेश दिए। इस दौरान सुरक्षा में पुलिस सुरक्षा बल तैनात किया गया था। जानकारी के मुताबिक आनंदपाल फरारी केस में अारोपी बर्खास्त पुलिस कमांडो शक्ति सिंह की गत 14 जुलाई 2016 में हाईकोर्ट से बेल मिल गई थी। इसके बाद से वह जेल से बाहर था।
इस संबंध में नागौर पुलिस और एसओजी ने जमानत खारिज करवाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई कर जमानत खारिज करने का फैसला सुनाया था। इसके बाद एसओजी ने शक्ति सिंह को दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
फरारी केस में ये जमानत पर और इनको जेल
आनंदपाल सिंह।
- फोटो : File photo
बताया जा रहा है कि सितंबर, 2015 में नागौर के परबतसर में आनंदपाल अपने दो साथियों श्रीवल्लभ और सुभाष मुंड के साथ पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। तब पड़ताल में आनंदपाल की सुरक्षा में तैनात कमांडों शक्तिसिंह का नाम उसे भगाने में सहयोग करने में सामने आया था। इस पर उसे गिरफ्तार कर बर्खास्त कर दिया गया था।
आनंदपाल फरारी केस में एक और आरोपी बर्खास्त पुलिस कांस्टेबल धर्मेंद्र की जमानत के दौरान अजमेर में हत्या कर दी गई थी। फरारी की साजिश रचने वाले सुरेश पाटीदार, पप्पू सिंह, अमनदीप, विजय मांड्या, केसर सिंह, निर्मल सिंह, महेंद्र सिंह, पंकज गुप्ता, जमानत पर है। इसके अलावा श्रीवल्लभ, सुभाष मूंड, मंजीत सिंह, कुलदीप, दामोदर, सुरेश गुर्जर, महिपाल उर्फ मोंटी, हनुमान गोगामेङी, उदयवीर सिंह, आजाद सिंह अभी जेल में बंद है।