अलवर जिले में थानागाजी थाना पुलिस ने हरियाणा निर्मित अवैध शराब की तस्करी करने वाले गिरोह पर कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध शराब से भरी एक पिकअप को शनिवार को पकड़ा है। जिसमें रखी अंग्रेजी शराब की 103 पेटियां जब्त कर ली।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अलवर ग्रामीण डा0 मूलचन्द राणा ने बताया कि थानागाजी थानाधिकारी को हरियाणा निर्मित शराब से भरी एक पिकअप के इलाके में तस्करी की सूचना मिली थी। इस पर थानाप्रभारी व पुलिस जाप्ते ने घाटा तिराहा पर नाकाबन्दी करवाई।
इस दौरान नारायणपुर की तरफ से एक पिकअप तेज रफ्तार में आते नजर आई। जिसे रुकवाने का ईशारा किया तो पिकअप के ड्राइवर को भनक लग गई। जिससे पिकअप चालक गाड़ी को रोकने के बजाए तेज रफ्तार में सालेटा लिंक रोड पर ले गया और वहां पहाड़ी के पास गाड़ी छोड़कर भाग गया। पीछा कर रही पुलिस ने ड्राइवर को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह पहाड़ी व जंगल होने के कारण गच्चा देकर भागने में कामयाब रहा।
सीओ सांवरमल नागौरा ने बताया कि पिकअप को जब्त कर तलाशी लेने पर हरियाणा निर्मित देशी शराब के 103 कार्टून मिले। जिन्हें जब्त कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। अब पुलिस गाडी के रजिस्ट्रेशन नंबरों के आधार पर वाहन मालिक व चालक की तलाश कर रही है।