सीकर जिले के फतेहपुर कस्बे में सोमवार को एक व्यापारी के 13 साल के बेटे का अपहरण हो गया। इसके बाद से सीकर पुलिस महकमे में हलचल मच गई। अलग अलग पुलिस टीमें अपहृत बच्चे की तलाश में जुट गई। लेकिन देर शाम तक अपहरणकर्ता और अपहृत बच्चे का पता नहीं चल सका।
पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 23, फतेहपुर निवासी ललित पौद्दार ज्वैलर व्यवसायी है। उनकी कस्बे में ही ज्वैलरी की वर्षों पुरानी दुकान है। सुबह 10 बजे ललित अपनी दुकान पर चले गए। पीछे से घर में उनकी पत्नी, घरेलू नौकर व 13 साल का बेटा ध्रुव मौजूद था।
सुबह करीब 11 बजे एक अज्ञात शख्स शादी का कार्ड देने के बहाने व्यवसायी ललित पोद्दार के घर पर पहुंचा। आवाज लगाने पर उनकी पत्नी व बेटा ध्रुव बाहर निकलकर आए। तब अज्ञात अपहरणकर्ता ने शादी का कार्ड निकालकर व्यवसायी ललित का नाम लिखकर निमंत्रण दिया। इसके बाद व्यापारी की पत्नी से उनके भांजे अश्विनी के बारे में पूछा। तब व्यवसायी ललित की पत्नी ने अपने बेटे ध्रुव को भांजे का घर बताने के लिए अज्ञात शख्स के साथ भेज दिया।
दोपहर करीब 1 बजे तक ध्रुव नहीं लौटा तब पत्नी ने दुकान पर मौजूद ललित को फोन पर सूचना दी। तलाश करने पर ध्रुव अपनी फुफेरे भाई के घर भी नहीं मिला। तब उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शादी के उस कार्ड को देखा तो उसमें लिखे मोबाइल फोन व्हाइटनर से मिटा रखे थे, वहीं कार्ड में लिखे लक्ष्मणगढ़ तहसील के उस पते पर भी जांच करवाई, जो कार्ड में लिखा था। लेकिन वह जानकारी भी फर्जी पाई गई। इससे पुलिस व परिजनों को अपहरण का अंदेशा हुआ। इसके बाद बच्चे की तलाश में पुलिस जुट गई।