जिस शख्श को जिंदगी का हमसफर माना। सात फेरे लेकर उसके साथ ताउम्र चलने का वादा निभाया। लेकिन हमसफर बेवफा निकला और पत्नी की सहेली से ही शादी रचाकर साथ रहने लगा। इससे परेशान होकर पत्नी ने खुदकुशी का प्रयास किया और हाथ की कलाई की नस काट लीं। लेकिन ऐनवक्त पर मौत भी दगा दे गई।
जयपुर निवासी सानिया अब अजमेर के जेएलएन अस्पताल में पति की बेवफाई पर जिंदगी से जंग लड़ रही है। सानिया ने अपने हाथों की नसें काटकर खुद को लहूलुहान कर गला भी काटने की कोशिश की लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचा दिया।
पुलिस के मुताबिक घटना अजमेर में पंचशील इलाके की है। सानिया के मुताबिक उसकी एक सहेली कविता को वह बहिन मानती थी। लेकिन कविता ने उसके पति को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और शादी कर ली। अब कविता किसी डीआईजी के नाम की धौंस दिखाकर उसे पति से दूर रहने की धमकियां देती है। इससे वह मानसिक तनाव में चल रही है और जिंदगी से तंग आकर उसने हाथ के कलाई की नस काट ली, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचा दिया। सूचना मिलने पर क्रिश्चयनगंज थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची। जहां पीड़िता सानिया के बयान दर्ज किए और अब मामले की जांच में जुट गई है।