सरकारी अस्पताल में एक व्यक्ति ने एक महिला नर्सिंग कर्मी के गाल पर सनसनाता हुआ चांटा लगा दिया। अचानक लगे थप्पड़ से काम में जुटी हुई नर्स सकते में आ गई। इसके बाद अस्पताल में हंगामा मच गया।
दरअसल मामला राजस्थान के अलवर के राजकीय जिला अस्पताल का है। गीतानंद महिला अस्पताल में सुबह गैस एंजेंसी की यूनिफार्म पहने एक व्यक्ति आया। उसने नर्स से बात करने के लिए टेबल पर थपथपाया। महिला नर्स कागजी दस्तावेजों को लेकर कार्य कर रही थी।
इसके बाद वह व्यक्त इस महिला नर्स के और नजदीक गया और सीधे उसके गाल पर जोरदार तमाचा जड़ दिया। थप्पड़ लगते ही महिला सन्न रह गई और कुछ सैकंड तो वह बैठी ही रही। इसके बाद वह मदद के लिए अस्पताल कर्मचारियों को बुलाने भीतर गई। उसे आभास भी नहीं था कि कोई व्यक्ति इस तरह आकर थप्पड़ मार सकता है।
नर्सिंगकर्मियों ने उस व्यक्ति को ढूंढा और जैसे ही वह मिला तो...
पीड़ित महिला नर्स
- फोटो : अमर उजाला
थप्पड़ मार कर अस्पताल में हंगामा मच गया। थप्पड़ मारने वाला आदमी मौके से भाग निकला। इसके बाद वहां मौजूद नर्सिंग कर्मियों ने उसे पकड़कर जमकर उसकी पिटाई कर दी। पिटाई के बाद व्यक्ति को ट्रोमा वार्ड में भर्ती करवाया है। व्यक्ति के बारे में अभी तक जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक उसका नाम पवन पंजाबी बताया जा रहा है, जो चिकान गांव का रहने वाला है।
घटना के बाद नर्सिंग कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। उन्होंने नारेबाजी कर आरोपी के खिलाफ जांच करने की मांग की। हालांकि अभी तक यह बात सामने नहीं आ पाई है कि व्यक्ति ने महिला नर्स को थप्पड़ क्यों जड़ दिया।