भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो बारां की टीम ने बिजली कंपनी के लेखाधिकारी को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एडिशनल एसपी राजेंद्र गोगावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विकास वाल्मिकी है। वह तीतरड़ी, हिरण मगरी, उदयपुर का रहने वाला है और बारां जिले में जेवीवीएनएल में लेखाधिकारी है। उसके खिलाफ छोटा सर्राफा बाजार, बारां निवासी हेमंत पारीक ने एसीबी में शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें हेमंत ने बताया कि वह पेशे से ठेकेदारी करता है और उसने 30 लाख रुपए का काम किया था। इसके बिल पास करने के एवज में विकास एक लाख रुपए की रिश्वत मांग रहा है।
शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी लेखाधिकारी विकास वाल्मिकी ने 75 हजार रुपए की रिश्वत लेना तय किया। इसके बाद एसीबी के पुलिस इंस्पेक्टर ज्ञानचंद के नेतृत्व में गठित टीम ने परिवादी हेमंत पारीक को 50 हजार रुपए रिश्वत लेकर भेजा। यह रकम लेते हुए एसीबी की टीम ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया।