राजस्थान में विधानसभा चुनावों को ठीक एक साल बचा है और बीजेपी में गुटबाजी सतह पर आ गई है। बड़े नेताओं में बंटी पार्टी अब निचले स्तर पर भी बंटी-बंटी नजर आती है। इसका नजारा बुधवार शाम को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भी देखने को मिला। प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया का निजी स्टाफ ही बीजेपी कार्यालय प्रभारी से भिड़ गया।
बता दें कि घटना बुधवार शाम की है। बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में कार्यालय प्रभारी महेश शर्मा ऑफिस के स्टाफ और दो पत्रकारों के साथ जन आक्रोश रैली पर चर्चा कर रहे थे। कार्यक्रम की जानकारी दे रहे थे। उसी समय प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया के निजी स्टाफ गौरव चौधरी वहां पहुंचे। कुछ देर इंतजार करना पड़ा तो वे इतने नाराज हो गए कि बेकाबू होते हुए कार्यालय प्रभारी पर फट पड़े। ऊंची आवाज में बोलना शुरू किया और जोर से दरवाजा बंद कर वहां से बाहर निकल गए। इतने में ही उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ और वे लौटकर फिर से महेश शर्मा के साथ तेज आवाज में बोलने लगे। कुछ देर तो महेश शर्मा शांत रहे, फिर उन्होंने भी तेज आवाज में ही जवाब दिया। यह सब मीडियाकर्मियों के सामने हुआ। इस दौरान मीडिया और मीडियाकर्मियों के लिए भी अपशब्दों का प्रयोग किया गया।
मीडियाकर्मियों के लिए बना कमरा झगड़े की वजह...
इस झगड़े की वजह बीजेपी कार्यालय में बना मीडिया रूम रहा। कार्यालय प्रभारी का कहना था कि उस रूम में होने वाले खर्च का हिसाब उन्हें देना होता है। ऊपर से उन्हें खर्च कम करने को कहा गया है। मीडियाकर्मी कहीं भी बैठ सकते हैं, लेकिन उनके लिए विशेष इंतजाम नहीं किए जाएंगे। इस वजह से मीडिया के लिए बनाया कमरा बंद कर दिया गया है। यह बात पूनिया के निजी स्टाफ को अच्छी नहीं लगी और वे कार्यालय प्रभारी से तू-तू मैं-मैं करने लगे।