पुणे पुलिस ने महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे की दूसरी पत्नी होने का दावा करने वाली करुणा शर्मा को 23 वर्षीय एक महिला पर जातिवादी गालियां देने और पति को तलाक देने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इसी मामले में 23 वर्षीय महिला के पति को भी धारा 498ए, 377 और आईपीसी के अन्य प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
अधिकारी ने कहा, हमने करुणा शर्मा और उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें अदालत में पेश किया गया। जहां व्यक्ति को 23 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया, वहीं शर्मा को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि उसके पति ने करुणा शर्मा के साथ रिश्ते में होने का हवाला देते हुए उसे तलाक के लिए मजबूर किया था।
अधिकारी ने पहले कहा था कि करुणा शर्मा पर शिकायतकर्ता को जातिवादी गालियां देने और हॉकी स्टिक से धमकाने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने महिला के खिलाफ कथित टिप्पणी के लिए करुणा पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत भी आरोप लगाया है।