कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं के समूह जी-23 को मनाने के लिए पार्टी आलाकमान ने पेशकश की है। मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने आवास पर इस समूह के कुछ नेताओं के साथ मुलाकात की। इसमें उनके गीले शिकवे दूर करने के प्रयास किए गए।
हाल ही में असंतुष्ट नेताओं से हाईकमान की सुलह कराने के लिए वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। उसके बाद सोनिया गांधी ने सुलह की दिशा में कदम उठाया है। जी-23 के नेता कांग्रेस संगठन में समग्र बदलाव की मांग कर रहे हैं। वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने तो कांग्रेस को परिवारवाद से मुक्त कर 'घर की कांग्रेस' को 'सबकी कांग्रेस' बनाने की बात कही है।
सूत्रों के अनुसार जी-23 को मनाने के लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोनों सक्रिय हो गए हैं। बीते कुछ दिनों से हो रहीं मुलाकातों के दौर से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि असंतुष्टों की गरमी जल्द खत्म हो सकती है। जी-23 के कुछ नेता मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने पहुंचे। इनमें आनंद शर्मा, मनीष तिवारी और विवेक तन्खा शामिल हैं। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भी कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने उनके आवास पहुंचे।