ओडिशा के मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल (बीजद) प्रमुख नवीन पटनायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर कुछ घंटों बाद ही पलटवार किया, जिसमें पीएम ने कहा था कि पटनायक कागज पर लिखे बिना ओडिशा के जिलों और उनकी राजधानियों के नाम भी नहीं बता सकते। मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को सभी भूले हुए वादे याद दिलाए। उन्होंने पीएम पर भारत रत्न के लिए ओडिशा के बहादुर बेटों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया, जिसमें उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक के साथ-साथ उड़िया भाषा भी शामिल है। उन्होंने कहा कि केवल चुनाव के दौरान ओडिशा को याद करने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने पीएम से पूछा कि क्या आपको 2014 और 19 में किए गए अपने वादे याद हैं?
जनता को याद हैं आपके सभी वादे
10 साल में भी बीजेपी को कुछ नहीं मिलेगा
मुख्यमंत्री पटनायक ने प्रधानमंत्री मोदी के इस उस दावे पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि 10 जून को ओडिशा को भाजपा का मुख्यमंत्री मिलेगा। जिस पर बीजद प्रमुख ने कहा कि 10 जून तो क्या 10 साल में भी भाजपा को ओडिशा में कुछ नहीं मिलेगा। भाजपा ओडिशा के लोगों का दिल नहीं जीत सकती। भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद और ओडिशा के लोगों के प्यार से बीजद छठी बार ओडिशा में सरकार बनाएगी।
कंधमाल में पीएम मोदी ने सीएम पर साधा था निशाना
इससे पहले कंधमाल में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि मैं नवीन बाबू को चुनौती देना चाहता हूं। वह इतने लंबे समय तक ओडिशा के मुख्यमंत्री रहे हैं, क्या वह बिना कागज पर लिखे राज्य के जिलों और उनकी राजधानियों के नाम बता सकते हैं। यदि मुख्यमंत्री जिलों का नाम नहीं बता सकते तो क्या वह आपका दर्द समझ सकते हैं। पीएम ने कहा, ओडिशा मुझे अपार प्यार और समर्थन देता है। मैं निस्वार्थ भाव से देश की सेवा करके आपके भरोसे को टूटने नहीं दूंगा।