पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, कोलकाता मेडिकल कॉलेज के एक इंटर्न में ओमिक्रॉन वैरिएंट पाया गया है। राज्य में कोरोना वायरस के नए वैरिएंट से संक्रमित लोगों की अब संख्या छह हो गई है।
मेडिकल इंटर्न को छोड़कर बाकी सभी संक्रमित विदेश यात्रा करके आए हैं। अधिकारी ने कहा, राज्य में अब तक ओमिक्रॉन वैरिएंट के छह मामले हैं। इनमें सभी पुरुष हैं। इंटर्न के संपर्क में आए तीन लोगों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
उन्होंने कहा, चूंकि वह चिकित्सकीय पेशेवर हैं, इसलिए हो सकता है कि वह मरीजों के संपर्क में आए हों। हालांकि, पुष्टि के बिना हम निश्चित रूप से कुछ नहीं कह सकते। हम मामले को देख रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने अपने बुलेटिन में कहा कि इस बीच पश्चिम बंगाल में शनिवार को कोविड-19 की वजह से चार लोगों की मौत हुई। अब कोरोना से मरने वालों की संख्या 19,711 तक पहुंच गई है। राज्य में कोलकाता में कम से कम 552 नए मामले सामने आए हैं।
पिछले 24 घंटों में कुल 536 लोगों को छुट्टी दे दी गई, राज्य में कुल ठीक होने वालों की संख्या 16,02,913 हो गई। डिस्चार्ज रेट 98.33 फीसदी रहा। शुक्रवार को 32,373 का परीक्षण किया गया है। बंगाल में वर्तमान में 7,458 सक्रिय मामले हैं। राज्य में अब तक 2,12,01,833 नमूनों का परीक्षण किया गया है।