दिल्ली दौरे पर आईं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करने के लिए 10 जनपथ पहुंची हैं। इसके बाद वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी मिलेंगी। एक दिन पहले यानी मंगलवार को बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी बैठक की थी।
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को 10 जनपथ पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। जानकारी के अनुसार इस दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सोनिया गांधी के बेटे राहुल गाधी भी मौजूद रहे। इससे पहले मीडिया से बात करते हुए उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर तंज कसे थे और संसद सत्र पूरा होने के बाद विपक्षी दलों की बैठक के आयोजन पर जोर दिया था। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, बनर्जी से मिलने के लिए तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के आवास पर पहुंच गए हैं।
विज्ञापन
सोनिया गांधी के साथ हुई इस मुलाकात के बाद ममता बनर्जी ने कहा, 'सोनिया जी ने मुझे चाय पर बुलाया था, राहुल जी भी वहां मौजूद थे। हमने देश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, पेगासस और कोविड-19 के हालात पर चर्चा की। हमने विपक्ष की एकजुटता को लेकर भी बात की। यह अच्छी मुलाकात थी। मुझे लगता है कि भविष्य में इसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा।' विपक्ष का चेहरा बनने के सवाल पर बनर्जी ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए जरूरी है कि सब साथ आएं। मैं नेता नहीं हूं बल्कि सैनिक हूं।